VIDEO: लंदन में पाकिस्तानी अधिकारी का शर्मनाक कांड, पाक सैन्य अफसर ने पहलगाम हमले के विरोध में प्रदर्शन कर रहे भारतीयों को गला रेतकर दी जान से मारने की धमकी!, मचा बवाल – वायरल हुआ वीडियो

VIDEO

London Viral Video : लंदन में शुक्रवार को एक शर्मनाक घटना सामने आई है जिसने दुनियाभर में भारतीय समुदाय को झकझोर कर रख दिया। पाकिस्तानी उच्चायोग के बाहर प्रदर्शन कर रहे भारतीय प्रदर्शनकारियों को पाकिस्तान के रक्षा अटैची कर्नल तैयमूर राहत ने गला रेतने का इशारा कर धमकी दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसके बाद चारों तरफ पाकिस्तान की आलोचना हो रही है।

प्रदर्शन के दौरान उग्र हरकत

यह प्रदर्शन पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के विरोध में आयोजित किया गया था, जिसमें 26 निर्दोष पर्यटकों और एक स्थानीय घोड़े चालक की जान चली गई थी। इसी प्रदर्शन के दौरान लंदन स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के बाहर तैनात कर्नल तैयमूर राहत ने भारतीय प्रदर्शनकारियों की तरफ देखकर गला रेतने का संकेत किया। यही नहीं, उनके हाथ में भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्तमान की तस्वीर वाला एक पोस्टर भी देखा गया।

अभिनंदन के पोस्टर के साथ दिया संदेश

गौरतलब है कि फरवरी 2019 में विंग कमांडर अभिनंदन ने मिग-21 बाइसन से पाकिस्तान का एफ-16 लड़ाकू विमान गिराया था। इसके बाद वे गलती से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में पहुंच गए थे, जहां उन्हें पकड़ लिया गया था। दो दिन बाद अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते पाकिस्तान ने अभिनंदन को भारत वापस भेजा था। कर्नल राहत का अभिनंदन की तस्वीर पकड़े हुए गला रेतने का इशारा करना एक सुनियोजित उकसावे की कोशिश मानी जा रही है।

सोशल मीडिया पर भड़का गुस्सा

वीडियो वायरल होते ही दुनियाभर के भारतीय समुदाय और नेटिज़न्स ने इस हरकत की कड़ी निंदा की है। राजनीतिक विश्लेषक तहसीन पूनावाला ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह व्यक्ति मानसिक रूप से बीमार और घृणित है। मैंने आज तक किसी सैन्य अधिकारी को इतनी हिंसक हरकत करते नहीं देखा।”

एक अन्य सोशल मीडिया यूज़र ने लिखा, “पाकिस्तान आतंक का कारखाना है और उसके दूतावास असल में आतंकवादी गतिविधियों के अड्डे हैं।” वहीं कई यूज़र्स ने इसे पाकिस्तान की सैन्य सोच का प्रतिबिंब बताया और कहा कि इस तरह की हिंसा पाकिस्तान की नीति का हिस्सा है।

भारत और पाकिस्तान के बीच फिर से तनाव

इस घटना के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच पहले से बढ़े तनाव और भी गहरे हो गए हैं। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदम उठाए हैं, जिनमें सिंधु जल संधि 1960 को निलंबित करने जैसा बड़ा निर्णय भी शामिल है। भारत का रुख अब पहले से ज्यादा सख्त नजर आ रहा है और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान की पोल खोलने की रणनीति तेज हो गई है।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान की किरकिरी

भारतीय प्रवासी समुदाय ने इस घटना के बाद लंदन में और भी बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। वहीं भारत सरकार ने भी इस घटना को गंभीरता से लिया है और लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग के जरिए कड़ा विरोध दर्ज कराया है। अब देखना यह है कि ब्रिटेन सरकार इस मामले में पाकिस्तान के खिलाफ क्या कदम उठाती है।

Join WhatsApp

Join Now