Vishnu Gupta Death Threat: राजस्थान के अजमेर में ख्वाजा की दरगाह में शिव मंदिर होने का दावा करने वाली याचिका दायर करने वाले हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता को जान से मारने की धमकी मिली है।
धमकी देने वाला कॉलर खुद को कनाडा में होने का दावा किया। धमकी देने वाले ने विष्णु गुप्ता को फोन कर कहा कि तेरा सर कलम कर दिया जाएगा। गर्दन काट दी जाएगी। तुम ने अजमेर दरगाह का केस फाइल कर के बहुत बड़ी गलती कर दी।
हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने मामले की शिकायत दिल्ली के बाराखंभा पुलिस थाने में दर्ज कराई है। इस मामले में विष्णु गुप्ता ने कहा कि हम ऐसे धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। हम कानून के तहत काम कर रहे हैं और कोर्ट जाना हमारा अधिकार है। हम कोर्ट के माध्यम से अपने मंदिरों को वापस ले कर रहेंगे और अजमेर दरगाह संकट मोचन महादेव मंदिर था है और रहेगा।
विष्णु गुप्ता ने कहा कि उन के पास दो फोन कॉल आई, एक कॉलर ने खुद को कनाडा तो दूसरे ने भारत से होने का दावा किया है। फोन करने वाले ने उन्हें जान से मार देने की धमकी दी। हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हम ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।












