Operation Sindoor News : भारत ने पाकिस्तान को उसके ही घर में घुसकर करारा जवाब दिया है। 7 मई की रात, भारतीय सेना ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया, जिसका नाम था – ऑपरेशन सिंदूर। इस सर्जिकल स्ट्राइक में पाकिस्तान और पीओके में स्थित नौ आतंकी ठिकानों को पूरी तरह तबाह कर दिया गया। सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि इस हमले में मसूद अजहर के दो साले, लश्कर के खूंखार आतंकी और कई वांटेड आतंकवादी मारे गए हैं।
भारत के ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। मसूद अजहर के दोनों साले समेत 5 मोस्ट वांटेड आतंकवादी ढेर। जानिए पूरी खबर।
22 अप्रैल का पहलगाम नरसंहार बना ऑपरेशन सिंदूर की वजह
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तान से आए आतंकियों ने निर्दोष 26 लोगों की जान ले ली थी। यह हमला इतना दर्दनाक था कि पूरे देश में गुस्से की लहर दौड़ गई। सरकार और सेना ने ठान लिया कि अब जवाब सिर्फ बयान से नहीं, बम से दिया जाएगा।
7 मई की रात बना पाकिस्तान के आतंकियों का काल
7 मई की रात भारतीय सेना ने एक सुनियोजित और सटीक ऑपरेशन में पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। सेना की इस कार्रवाई को नाम दिया गया – ऑपरेशन सिंदूर। इस ऑपरेशन के दौरान भारतीय वायुसेना और सेना की स्पेशल यूनिट्स ने एक के बाद एक उन ठिकानों को निशाना बनाया, जहां आतंकी छिपे थे या ट्रेनिंग ले रहे थे।
मारे गए 5 टॉप आतंकियों की लिस्ट हुई सार्वजनिक
भारतीय खुफिया एजेंसियों और सेना की साझा जानकारी से जो लिस्ट सामने आई है, वो पाकिस्तान के लिए किसी झटके से कम नहीं है। आइए जानते हैं वो कौन से पांच खूंखार आतंकी थे, जो इस ऑपरेशन में ढेर कर दिए गए:
1. मुदस्सर खादियान उर्फ अबू जुंदाल (लश्कर-ए-तैयबा)
- मरकज तैयबा, मुरीदके का प्रभारी
- पाक सेना से गार्ड ऑफ ऑनर मिला
- अंतिम संस्कार में सेना और पुलिस के वरिष्ठ अफसरों की मौजूदगी
- भारत में कई हमलों का मास्टरमाइंड
2. हाफिज मुहम्मद जमील (जैश-ए-मोहम्मद)
- मसूद अजहर का बड़ा साला
- बहावलपुर स्थित आतंकी ठिकाने का प्रभारी
- युवाओं को कट्टरपंथी बनाने में सक्रिय भूमिका
- आतंकी फंडिंग में अहम भूमिका निभाता था
3. मोहम्मद यूसुफ अजहर उर्फ उस्ताद जी (जैश-ए-मोहम्मद)
- मसूद अजहर का छोटा साला
- हथियार ट्रेनिंग का मास्टर
- जम्मू-कश्मीर में कई हमलों में शामिल
- IC-814 हाईजैक केस में भी वांटेड
4. खालिद उर्फ अबू अक्शा (लश्कर-ए-तैयबा)
- जम्मू-कश्मीर में सक्रिय
- अफगानिस्तान से हथियारों की तस्करी करता था
- फैसलाबाद में दफनाया गया, अंतिम संस्कार में पाक आर्मी और डिप्टी कमिश्नर तक पहुंचे
5. मोहम्मद हसन खान (जैश-ए-मोहम्मद)
- मुफ्ती असगर खान कश्मीरी का बेटा
- पीओके में जैश का ऑपरेशनल कमांडर
- जम्मू-कश्मीर में बड़े आतंकी हमलों की साजिशें रचता था
Operation Sindoor : पाकिस्तान में मातम, भारत में जश्न
इन आतंकियों की मौत के बाद पाकिस्तान के आतंकी संगठनों में खौफ का माहौल है। वहीं भारत में इस बड़ी सफलता को लेकर लोगों में गर्व और राहत की भावना है। सोशल मीडिया पर ऑपरेशन सिंदूर ट्रेंड कर रहा है और लोग भारतीय सेना के शौर्य को सलाम कर रहे हैं।
पाकिस्तानी सेना की खामोशी बनी सवाल
पाकिस्तानी मीडिया और सरकार इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है। जिन आतंकियों को पाकिस्तान खुद शहीद बताकर सम्मान दे रहा है, वो अब दुनिया के सामने एक्सपोज हो चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी पाकिस्तान की किरकिरी हो रही है।
क्या यह है नया भारत की रणनीति?
भारतीय सेना और सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब हमले का जवाब इंतजार से नहीं, कार्रवाई से दिया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ बदले की कार्रवाई नहीं थी, यह संदेश था कि अगर भारत के नागरिकों पर हमला किया गया तो उसका अंजाम सीमा के अंदर तक भुगतना होगा।












